-
ओडिशा में गर्मी रहेगी चरम पर
-
अगले पांच दिन और भीषण गर्मी का अनुमान
-
पश्चिमी जिलों में लू की चेतावनी
भुवनेश्वर। देशभर में गर्मी से राहत दिलाने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार समय से पहले दस्तक दे सकता है। मौसम वैज्ञानिक उमाशंकर दास के अनुसार, मानसून 27 मई तक केरल पहुंच सकता है, हालांकि इसमें चार दिन की ऊपर-नीचे की संभावना बनी हुई है।
दास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि मानसून के 27 मई के आसपास केरल तट से भारतीय मुख्यभूमि में प्रवेश करने की संभावना है। यह समय से कुछ दिन पहले की आमद मानी जा रही है, जो भीषण गर्मी से जूझ रहे राज्यों के लिए राहत लेकर आएगी।
पिछले वर्षों में केरल में मानसून का आगमन 30 मई 2024, 8 जून 2023, 29 मई 2022, 3 जून 2021, 1 जून 2020 को हुआ था।
दूसरी ओर, ओडिशा में अगले पांच दिन तेज गर्मी और उमस बने रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वानुमान जारी करते हुए बताया कि तटीय इलाकों में उमस भरी गर्मी का असर रहेगा।
वहीं पश्चिमी ओडिशा के जिलों में 11, 12 और 13 मई को लू चलने की चेतावनी दी गई है। राज्य के भीतरी हिस्सों में 14 मई को लू की स्थिति बन सकती है।