-
रक्षा मंत्री बोले – डॉ. प्रधान का योगदान अविस्मरणीय, वंचितों के सशक्तिकरण के प्रति थे समर्पित

तालचेर। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय डॉ. देवेंद्र प्रधान के एकादशाह के अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
राजनाथ सिंह ने डॉ. प्रधान को एक दूरदर्शी नेता, कुशल प्रशासक और समाज के वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. प्रधान का योगदान ओडिशा और देश के विकास में अविस्मरणीय रहेगा।

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. देवेंद्र प्रधान का जीवन और सेवा ओडिशा के लिए गर्व का विषय है। वे एक सच्चे मार्गदर्शक और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने गरीबों और वंचितों के लिए निःस्वार्थ भाव से कार्य किया। उनका समर्पण हमें सदैव प्रेरित करेगा।
इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, सांसद, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि डॉ. प्रधान का जीवन समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित था। उन्होंने गरीबों, मजदूरों और किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मूर्त रूप दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि डॉ. प्रधान ने ओडिशा के औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास में अहम भूमिका निभाई। वे ओडिशा को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत शोकसंतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
