-
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बीच हुई बैठक
-
दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चल रहे जल विवाद पर हुई खुली बातचीत
भुवनेश्वर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के बीच महानदी जल विवाद को लेकर लोक सेवा भवन, भुवनेश्वर में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने सौहार्दपूर्ण समाधान पर चर्चा की।
अपने ओडिशा दौरे के दौरान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चल रहे महानदी जल विवाद पर खुली बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री माझी ने इस मुद्दे पर त्वरित समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा भाषाई और सांस्कृतिक रूप से जुड़े हुए हैं। इसलिए दोनों राज्यों के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए विवाद का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री साय ने भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए इस विवाद को बातचीत के माध्यम से सुलझाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने आश्वासन दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए पूर्ण सहयोग करेगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री माझी पहले भी कई बार इस मुद्दे पर गंभीरता से कार्य करने की बात कह चुके हैं। अब दोनों मुख्यमंत्रियों की इस बैठक के बाद विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
