-
नीलमाधव मंदिर में करेंगी दर्शन
भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल प्रसिद्ध कांतिलो नीलमाधव मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचेंगी। नयागढ़ जिला कलेक्टर अक्षय सुनील अग्रवाल ने उनके दौरे की पुष्टि की है, जो दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। नयागढ़ में ऐतिहासिक क्षण की तैयारी जोरों पर है।
राष्ट्रपति मुर्मू विशेष विमान से कांतिलो पर्वतिपदा हेलीपैड पर उतरेंगी, जहां से वे कड़ी सुरक्षा के बीच सीधे नीलमाधव मंदिर जाएंगी। मंदिर में दर्शन और पूजा के बाद वे पुजारियों से भी बातचीत करेंगी।
इसके बाद वे कालियापल्ली गांव जाएंगी, जहां शबर राजा विश्वबसु पीठ का दौरा करेंगी। इसके अलावा, वे ‘विश्वशांति महायज्ञ’ के समापन अनुष्ठान में भी शामिल होंगी और विश्वबसु शबर समुदाय द्वारा आयोजित जनसभा में भाग लेंगी।
प्रशासनिक तैयारियां तेज
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए नयागढ़ जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। नीलमाधव मंदिर में विशेष सौंदर्यीकरण और मरम्मत कार्य किए जा रहे हैं ताकि स्थल को राष्ट्रपति के आगमन के लिए पूरी तरह तैयार किया जा सके।
इसके अलावा, कलेक्टर अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि हमने कई बैठकों के जरिए सभी जरूरी निर्देश दिए हैं। आज व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और राष्ट्रपति के दौरे के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत किया गया है। नयागढ़ एसपी के अनुसार, करीब 30 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया जाएगा, साथ ही 6 एसपी रैंक के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। राष्ट्रपति तीन घंटे तक नयागढ़ में रहेंगी, इसलिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रपति के आगमन से नयागढ़ के लोगों में जबरदस्त उत्साह है, क्योंकि यह दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Indo Asian Times । Hindi News Portal । इण्डो एशियन टाइम्स,। हिन्दी न्यूज । न रूकेगा, ना झुकेगा।।
