-
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
-
झारसुगुड़ा में सबसे अधिक तापमान दर्ज
भुवनेश्वर। ओडिशा में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। सुबह 11:30 बजे तक राज्य के कई हिस्सों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। आईएमडी के अनुसार, अगले पांच दिनों में दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है।
आज सुबह 11:30 बजे झारसुगुड़ा में 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो कल इसी समय के मुकाबले 3.6 डिग्री अधिक है। वहीं, पिछले 24 घंटे में ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में शुष्क और गर्म हवाओं का प्रभाव देखा गया।
राज्य में तापमान का हाल
आईएमडी के अनुसार, बीते दिन ओडिशा में सबसे अधिक तापमान बौध में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झारसुगुड़ा (38.6), बोलांगीर (38.5) और संबलपुर (38.3) डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहे। राजधानी भुवनेश्वर में 35.4 डिग्री और कटक में 35 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
आईएमडी की चेतावनी
आईएमडी ने आगामी दिनों में गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए येलो और ऑरेंज चेतावनी जारी की है। 13 मार्च को बौध, बलांगीर, संबलपुर और झारसुगुड़ा में येलो चेतावनी जारी की गई है। 14 मार्च को बौध, बलांगीर, संबलपुर, झारसुगुड़ा, सुंदरगढ़ और अनुगूल में येलो और 15 मार्च को बौध, बलांगीर, संबलपुर और झारसुगुड़ा में ऑरेंज चेतावनी, वहीं सोनपुर, बरगड़, सुंदरगढ़, अंगुल और मयूरभंज में येलो चेतावनी तथा 16 मार्च को संबलपुर और झारसुगुड़ा में ऑरेंज चेतावनी, जबकि सुंदरगढ़, मयूरभंज, बरगड़, सोनपुर, बौध और बलांगीर में येलो चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से गर्मी से बचाव के लिए एहतियात बरतने की सलाह दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
