-
खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री ने व्यक्त किया आभार
भुवनेश्वर। ओडिशा में अब तक 80,000 अपात्र लाभार्थियों ने अपने राशन कार्ड लौटाए हैं, जिनमें लगभग 4,500 सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। यह जानकारी खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने रविवार को दी।
मंत्री ने सरकार की अपील पर स्वेच्छा से राशन कार्ड लौटाने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मैंने उच्च आय वाले व्यक्तियों और सरकारी कर्मचारियों से अपने राशन कार्ड लौटाने की अपील की थी। मैं उन सभी का आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस अनुरोध का पालन किया।
हर दिन 3,000 से 4,000 लाभार्थी लौट रहे कार्ड
मंत्री ने बताया कि रोजाना करीब 3,000 से 4,000 अपात्र लाभार्थी अपने राशन कार्ड लौटा रहे हैं। उन्होंने इसे एक बड़ी सफलता करार देते हुए कहा कि लोग स्वेच्छा से अपने कार्ड जमा कर रहे हैं।
अब तक कोई कार्रवाई नहीं
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों की ग्रामीण क्षेत्रों में मासिक आय 10,000 रुपये और शहरी क्षेत्रों में 15,000 रुपये है, वे अपने राशन कार्ड लौटा दें। अभी तक किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है, लेकिन सत्यापन प्रक्रिया के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सरकार ने अन्य अपात्र लाभार्थियों से भी अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने राशन कार्ड लौटाकर ईमानदारी का परिचय दें।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
