भुवनेश्वर, पूर्व तट रेलवे (पूतरे) के महाप्रबंधक श्री परमेश्वर फुंकवाल ने सुरक्षा उपायों, यातायात सुविधाओं, यात्री सुविधाओं और अवसंरचनात्मक विकास की प्रगति का आकलन करने के उद्देश्य से बालूगांव-पलासा रेलवे खंड का गहन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण, रेल सेवाओं को बढ़ाने और यात्रियों की संतुष्टि को सुनिश्चित करने के लिए, पूर्व तट रेलवे की प्रतिबद्धता का एक प्रमाण है।
अपने निरीक्षण के दौरान, श्री फुंकवाल ने चल रही विभिन्न अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की गहन समीक्षा की, विशेष रूप से अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत, स्टेशन पुनर्विकास कार्य पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और समग्र यात्री अनुभव को बेहतर बनाने के लिए, इन आवश्यक उन्नयन को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने रनिंग रूम में प्रदान की जाने वाली भोजन सेवाओं की स्वच्छता और गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया। उनके निरीक्षण में सोमपेटा और इच्छापुरम के पुलों का दौरा भी शामिल था, जहां उन्होंने सुरक्षा उपायों और अवसंरचनाओं की दृढ़ता का मूल्यांकन किया।
पलासा स्टेशन के निरीक्षण के मौके पर, उन्होंने रेलवे कॉलोनी, कर्मचारियों के लिए रनिंग रूम और रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) भवन का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान, उन्होंने रनिंग रूम के कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की एवं उत्कृष्ट रखरखाव और स्वच्छता रखने के लिए, उन्हें नकद पुरस्कार से सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने पलासा और इच्छापुरम में ट्रेन संचालन के सुरक्षा संबंधी पहलुओं का निरीक्षण किया, जिसमें पलासा के पास पुल, इच्छापुरम यार्ड में रेलवे कॉलोनी और टीआरडी डिपो का निरीक्षण शामिल हैं। उन्होंने ब्रह्मपुर स्टेशन पर स्वास्थ्य सेवाओं, यात्री सुविधाओं और हो रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की।
अपने निरीक्षण के दौरान, श्री फुंकवाल ने जन प्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के सदस्यों के साथ भेंट की ताकि क्षेत्र की रेल सेवाओं में और अधिक सुधार के लिए सुझाव एकत्र किए जा सकें।
निरीक्षण के दौरान खोरधारोड मंडल के मंडल रेल प्रबंधक, श्री एचएस बाजवा और पूर्व तट रेलवे मुख्यालय तथा खोरधारोड मंडल के अन्य वरिष्ठ रेल पदाधिकारी भी मौजूद थे। सुरक्षित और कुशल ट्रेन संचालन सुनिश्चित करने, यात्री सेवाओं को बढ़ाने और इस क्षेत्र में अवसंरचनाओं के विकास को जारी रखने की दिशा में पूर्व तट रेलवे, निरंतर प्रतिबद्ध है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
