-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने यूपी सरकार का जताया आभार
-
मान मंदिर घाट के गंगा नदी में हुई थी दो नावों की बीच हुई टक्कर
भुवनेश्वर। वाराणसी के मान मंदिर घाट के पास गंगा नदी में हुई दो नावों की टक्कर के शिकार ओडिशा के लगभग 60 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), स्थानीय प्रशासन और उत्तर प्रदेश सरकार की त्वरित कार्रवाई के कारण सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं।
मुख्यमंत्री माझी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस त्वरित बचाव अभियान के लिए धन्यवाद दिया।
इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी जानकारी दी कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के अधिकारियों से बातचीत की और स्थिति की जानकारी ली।
प्रधान ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए कहा कि वाराणसी के मान मन्दिर घाट के पास दो नावों की टक्कर की खबर मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार और स्थानीय अधिकारियों से चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और उत्तर प्रदेश सरकार की तत्परता और संयुक्त प्रयासों के कारण एक बड़ी आपदा टल गई। सभी यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित बचाया गया और ओडिशा के लोगों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
