-
पहले दिन निवेश लक्ष्य हुआ पूरा, 54 करार
-
निवेश राशि 10,000 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद
भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित जनता मैदान में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मोहन चारण माझी के उत्साह भरे संबोधन के साथ उत्कर्ष ओडिशा : मेक इन ओडिशा कांक्लेव 2025 का शानदार आगाज हुआ।
कांक्लेव का पहला दिन निवेश की दृष्टि से सफल रहा। उद्योग मंत्री सम्पद चन्द्र स्वाईं ने बताया कि अब तक राज्य में 5.4 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं और 54 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एमओयू की संख्या 100 के पार पहुंच सकती है, जैसा कि लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके साथ ही 5 लाख करोड रुपए निवेश की राशि निर्धारित की गई थी, लेकिन पहले दिन ही खबर लिखे जाने तक निवेश की राशि 5 लाख को पार कर चुकी थी।
जेएसडब्ल्यू और पॉस्को मिलकर लगाएंगे स्टील प्लांट
जेएसडब्ल्यू समूह और पोस्को ओडिशा के केंद्रुझर जिले में संयुक्त रूप से स्टील प्लांट स्थापित करने की योजना बना रहे हैं। इस परियोजना में 30,000 से 40,000 करोड़ रुपये तक के निवेश की संभावना है।
आईओसीएल करेगी 70,000 करोड़ रुपये का निवेश
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) उड़ीसा में 70,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे राज्य में ऊर्जा क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
जिंदल स्टील एंड पावर का बड़ा निवेश
उद्योग मंत्री ने कहा कि जिंदल स्टील एंड पावर ने पहले ही उड़ीसा में 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा, कंपनी के चेयरमैन नवीन जिंदल ने राज्य में 70,000 करोड़ रुपये के नए निवेश की योजना की घोषणा की है।
इस कांक्लेव ने राज्य को निवेश के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित किया है। पहले ही दिन निवेशकों का उत्साह यह दर्शाता है कि ओडिशा देश के औद्योगिक विकास का नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
