-
उद्योग मंत्री संपद चरण स्वाईं ने की घोषणा
-
कहा- महिला उद्यमियों और एमएसएमई क्षेत्र में विशेष रूप से विकास पर ध्यान केंद्रित
भुवनेश्वर। ओडिशा में ओड़िया स्टार्टअप को बढ़ावा मिलेगा तथा राज्य सरकार का महिला उद्यमियों और एमएसएमई क्षेत्र में विशेष रूप से विकास पर ध्यान केंद्रित है।
ओडिशा सरकार ने आगामी वर्षों में राज्य को औद्योगिक दृष्टि से सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाने का संकल्प लिया है। भाजपा सरकार ने एक ओर बड़ा कदम उठाते हुए स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजनाओं की घोषणा की है। राज्य में 2036 तक समृद्ध ओडिशा और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कई परियोजनाएं धरातल पर उतरने जा रही हैं।
उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वाईं ने यह बातें राजधानी स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन के दौरान कहीं।
स्वाईं ने यह भी कहा कि महिला उद्यमियों और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) के क्षेत्र में विशेष रूप से विकास पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इसके लिए ‘कनेक्ट सीरीज’ कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसमें स्टार्टअप्स और छोटे उद्योगों को एक मंच पर लाकर उन्हें एक-दूसरे से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हम ओडिशा को स्टार्टअप्स के लिए एक प्रमुख हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर इस दिशा में काम कर रही हैं, ताकि प्रदेश में रोजगार के नए अवसर उत्पन्न किए जा सकें।
स्वाईं ने आगे कहा कि राज्य में निवेश के लिए एक स्थिर और अनुकूल माहौल तैयार किया जा रहा है, जिससे स्थानीय उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में स्थान मिल सके।
यह योजना ओडिशा के औद्योगिक परिदृश्य में एक नई क्रांति लेकर आएगी, जिसमें महिलाओं को भी समृद्धि के मुख्यधारा में शामिल किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
