-
पुलिस ने छह आरोपियों को लिया हिरासत में
कटक। कटक जिले के बांकी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के निवासी सुमंत साहू की बुधवार रात 11 लोगों के एक समूह ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, सुमंत बड़ा बंडियानी ठाकुरानी मंदिर, टिगिरिया में आयोजित मेले से घर लौट रहा था। उसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।
सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए सुमंत से झगड़ा शुरू किया। इसके बाद उन्होंने मिलकर सुमंत पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सुमंत को सड़क किनारे छोड़ दिया गया, जहां उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सुमंत की मां और बहन ने उन्हें तुरंत कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार गोविंदपुर गांव में शोकपूर्ण माहौल में किया गया।
सुमंत की मां सुसमा साहू ने बांकी थाने में घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और 11 आरोपियों में से 6 को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जहां ग्रामीणों ने इस नृशंस हत्या पर आक्रोश व्यक्त किया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
