-
संबलपुर के बुर्ला में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया केंद्रीय मंत्री
भुवनेश्वर। राष्ट्रनायक, पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक व्यक्ति नहीं थे, बल्कि एक विचारधारा थे। वे लोक अभिव्यक्ति का एक बड़ा प्रतीक थे। यह बात केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को संबलपुर के बुर्ला में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और सुशासन दिवस के अवसर पर उनकी पूर्णाकार प्रतिमा के अनावरण के दौरान कही।
इस अवसर पर श्री प्रधान ने ‘अटल उद्यान’ का उद्घाटन किया और गोलगुंडा चौक का नामकरण ‘अटल चौक’ के रूप में किया। अटल जी की जयंती पर साढ़े चार करोड़ ओड़िया लोगों की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। श्री प्रधान ने कहा कि हमारे मार्गदर्शक अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व ने भारत को विश्व मानचित्र पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। ओडिशा में भाजपा सरकार के गठन में भी अटल जी की महत्वपूर्ण भूमिका थी।
उन्होंने कहा कि जब पश्चिमी ओडिशा सूखे की चपेट में था, तब अटल जी कालाहांडी और बलांगीर जिलों में ट्रेन से पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने आए थे। इससे ओडिशा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता साबित होती है।
देश के एक वरिष्ठ राजनेता, सांसद और विपक्ष के नेता के रूप में वाजपेयी जी का ओडिशा के प्रति प्रेम और लगाव अद्वितीय था। उनकी विकास योजनाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे भारत में तेजी से आगे बढ़ा रहे हैं। अटल जी का अतुलनीय योगदान ओडिशा सहित देश के विकास में हमेशा याद किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए जिला प्रशासन और ‘अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति समिति’ को धन्यवाद देते हुए, श्री प्रधान ने कहा कि यह प्रयास अटल जी की विरासत को जीवंत बनाए रखेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
