-
स्थानीय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
जाजपुर। जिले के धर्मशाला ब्लॉक में काबटबंद पुल के पास सोमवार को सैकड़ों स्थानीय निवासियों और छात्रों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के विस्तार कार्य और ब्राह्मणी नदी पर दूसरे पुल के निर्माण में देरी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
सचेतन नागरिक मंच के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में सड़क सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और परियोजना की धीमी प्रगति को लेकर गहरी नाराजगी जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इस लापरवाही के कारण अब तक कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें अनेक जानें जा चुकी हैं।
मंच के संयोजक सरोज कुमार बेहरा ने कहा कि चंडीखोल से दुबुरी के बीच का हिस्सा मौत का जाल बन गया है। हमारी सात मुख्य मांगें हैं, जिनमें सड़क चौड़ीकरण, परियोजना पूर्ण होने की समय-सीमा का लिखित आश्वासन, कॉलेज छात्रों की सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात व्यवस्था और ब्राह्मणी पुल पर रोशनी की व्यवस्था शामिल है।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की अपील करते हुए कहा कि जब तक उनकी मांगों को स्वीकार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सचेतन नागरिक मंच के सलाहकार पंकज ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य कछुए की गति से चल रहा है। काम में इतनी देरी क्यों हो रही है? हमें सौतेला व्यवहार क्यों झेलना पड़ रहा है? हमारी मांगें पूरी तरह से जायज हैं।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो भविष्य में और भी गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उन्होंने मांग की कि सड़क का कार्य जल्द पूरा कर लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
