-
सर्वदलीय बैठक में सत्र के सफल संचालन के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल
-
कमिश्नरेट पुलिस ने जारी की यातायात एडवाइजरी
भुवनेश्वर। मंगलवार से शुरू हो रहे ओडिशा विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले सदन के सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए स्पीकर सुरमा पाढ़ी की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।
31 दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र के दौरान, कार्यवाही को सहयोगात्मक माहौल में संचालित करने पर जोर दिया गया। बैठक में सत्र के सफल संचालन के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया।
इस बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक, कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र कदम शामिल हुए। इसके अलावा, स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, संसदीय कार्य और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ मुकेश महालिंग और राज्य के कानून एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन भी उपस्थित थे।
इधर, मंगलवार से शुरू हो रहे राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र के लिए राजधानी भुवनेश्वर में कमिश्नरेट पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है।
कमिश्नरेट पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए ओडिशा विधानसभा के आसपास यातायात प्रतिबंध लगाए गए हैं। ये यातायात नियम शीतकालीन सत्र की समाप्ति, यानी 31 दिसंबर तक लागू रहेंगे।
यातायात नियमों के अनुसार हाउसिंग बोर्ड स्क्वायर से आने वाले वाहन केसरी टॉकीज स्क्वायर से बाएं मुड़कर डायवर्जन लेंगे। एजी स्क्वायर से पीएमजी स्क्वायर की ओर जाने वाले वाहन जयदेव भवन से दाईं ओर मुड़कर इंदिरा गांधी पार्क रोड पर जाएंगे। मास्टर कैंटीन की ओर से पीएमजी स्क्वायर की ओर जाने वाले सभी वाहनों को लोअर पीएमजी के पास की गलियों में डाइवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह 120 इन्फैंट्री बटालियन स्क्वायर से आने वाले वाहन रवींद्र मंडप की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें पावर हाउस स्क्वायर की ओर मोड़ दिया जाएगा। राजभवन स्क्वायर से विधायक कॉलोनी और रवींद्र मंडप की ओर जाने वाले वाहनों को शास्त्री नगर स्क्वायर की ओर मोड़ दिया जाएगा।
हालांकि, उपरोक्त यातायात प्रतिबंध आपातकालीन सेवाओं जैसे पुलिस, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और आधिकारिक भवनों जैसे ओडिशा विधानसभा, राज्य सचिवालय और अन्य कार्यालयों में प्रवेश की अनुमति प्राप्त वाहनों पर लागू नहीं होंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
