-
रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे
-
कांधमाल का गुडईगिरि रहा सबसे अधिक ठंडा
-
चक्रवातीय परिसंचरण की संभावना भी बनी
भुवनेश्वर। ओडिशा में सर्दी लगातार बढ़ती जा रही है। राज्य के कई हिस्सों में रात का तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कांधमाल जिले के गुडईगिरि में बीते 24 घंटों में सबसे कम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद दरिंगबाड़ी और फुलबाणी में 12.5 डिग्री सेल्सियस, राउरकेला में 12.7 डिग्री सेल्सियस, अनुगूल और झारसुगुड़ा में 13 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.8 और 4.1 डिग्री सेल्सियस कम), भुवनेश्वर में 17.4 डिग्री सेल्सियस (-2 डिग्री सेल्सियस) तथा कटक में 17 डिग्री सेल्सियस (-1.7 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया।
तापमान में और गिरावट की संभावना
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 4-5 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में रात के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर दिशा से ठंडी और शुष्क हवाओं के प्रवाह और साफ आसमान के कारण तापमान गिर रहा है। शुक्रवार से हवा की दिशा उत्तर और उत्तर-पश्चिमी से बदलकर और ठंड बढ़ा सकती है।
चक्रवातीय परिसंचरण की संभावना
हालांकि, 24 से 28 नवंबर के बीच बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी क्षेत्र में चक्रवातीय परिसंचरण बनने के संकेत हैं। इससे नमी के प्रवाह और पूर्वी हवाओं के कारण तापमान में पुनः वृद्धि हो सकती है। आईएमडी के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार, ईसीएमडब्ल्यूएफ और एनसीईपी जीएफएस मॉडल 22 नवंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में चक्रवातीय परिसंचरण/निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना दर्शाते हैं। 21-28 नवंबर के बीच विशेषकर 26 नवंबर को दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवातीय परिसंचरण की 50-70% संभावना है। आईएमडी ने कहा कि आने वाले दिनों में ठंड के साथ-साथ चक्रवातीय गतिविधियों पर भी नजर रखने की जरूरत है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
