-
ओडिशा के कई हिस्सों में बारिश और बिजली गिरने की संभावना
-
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए चेतावनी जारी की
भुवनेश्वर। उत्तर बंगाल की खाड़ी और बांग्लादेश एवं पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उतना प्रभावी नहीं रहा। इसके बावजूद इस क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जो गंगा के पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में स्थित है। साथ ही आंध्र प्रदेश के तट से सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में ऊपरी वायु चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है।
यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि इसके प्रभाव में ओडिशा के कई हिस्सों में अगले 24 घंटों के भीतर बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने और तूफान की संभावना है।
भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया है कि रविवार तक तटीय ओडिशा, कोरापुट, मालकानगिरि, रायगड़ा, नवरंगपुर, कलाहांडी, नुआपड़ा, मयूरभंज, केंदुझर, सुंदरगढ़, अनुगूल, ढेंकानाल और देवगढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने मालकानगिरि, कोरापुट, रायगड़ा, नवरंगपुर, कलाहांडी, गजपति, केंदुझर, मयूरभंज, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर और केंद्रापड़ा जिलों के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने की संभावना जताई है और इन जिलों के लिए पीली चेतावनी जारी की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
