-
9 अक्टूबर को बाकी महिलाओं को मिलेगी पहली किस्त
-
मयूरभंज जिले के बारिपदा में जारी किया जाएगा दूसरे चरण में पहली किस्त का पैसा
-
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने की घोषणा
भुवनेश्वर। सुभद्रा योजना के द्वितीय चरण में 40 लाख लाभार्थियों को लाभ मिलेगा। सुभद्रा योजना के लाभार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा में उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने रविवार को घोषणा की कि सभी महिला आवेदकों को, जो पहली किस्त के 5,000 रुपये का इंतजार कर रही थीं, 9 अक्टूबर को यह राशि मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने बताया कि जो महिलाएं किसी कारण से पहले चरण में छूट गई थीं, उन्हें 9 अक्टूबर को सुभद्रा योजना की राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही, दूसरी किस्त 8 मार्च, 2025 को दी जाएगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली किस्त का दूसरा चरण 9 अक्टूबर को मयूरभंज जिले के बारिपदा में जारी किया जाएगा, जो मां सुभद्रा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की भूमि है। सबसे अधिक सुभद्रा लाभार्थी भी बारिपदा से ही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग 7 अक्टूबर से पहले आवेदन करेंगे, उन्हें 9 अक्टूबर को राशि मिल जाएगी। कम से कम 40 लाख महिलाएं इस चरण में लाभान्वित होंगी। मुख्यमंत्री मोहन माझी इसे ओडिशा की महिलाओं के लिए दशहरा का तोहफा रूप में प्रस्तुत करेंगे।
उप मुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने बताया कि अब तक 97 लाख महिला लाभार्थियों ने खुद को पंजीकृत किया है। पहले आवेदनकर्ता और एक करोड़वें आवेदनकर्ता को सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। मैं सभी से अपील करती हूं कि घबराएं नहीं और निर्देशों के अनुसार आवेदन करें। सभी को सुभद्रा योजना की राशि दी जाएगी, इसलिए चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
