-
13-15 सितंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, समुद्री तटों पर सतर्कता
भुवनेश्वर। दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। यह निम्न दबाव का क्षेत्र बीते रात में बना और आज सुबह 5:30 बजे तक उसी क्षेत्र में सक्रिय रहा।
यह धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा और अगले 48 घंटों में तटीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है।
यह जानकारी देते हुए भारती मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को कहा कि इसके प्रभाव में ओडिशा में 13-14 सितंबर को अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी बारिश और 13 से 15 सितंबर तक भारी बारिश की संभावना है।
अगले 24 घंटे के दौरान मयूरभंज, केंदुझर, झारसुगुड़ा, बरगढ़ और सुंदरगढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आज से 15 सितंबर के दौरान बंगाल की उत्तरी खाड़ी और ओडिशा तट पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान मछुआरों को बंगाल की उत्तरी खाड़ी और ओडिशा तट पर न जाने की सलाह दी गई है।
आईएमडी ने निचले इलाकों और अंडरपास में जलभराव, बारिश के दौरान कम दृश्यता, और शहरी क्षेत्रों में यातायात जाम की चेतावनी दी है। इसके अलावा, कच्चे मकानों और बिना पक्की सड़कों को नुकसान, सब्जियों और बागवानी फसलों में नुकसान, और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की संभावना भी जताई गई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
