-
ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बना निम्न दबाव क्षेत्र शनिवार को डिप्रेशन में बदल गया है। यह डिप्रेशन उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटों से सटे क्षेत्रों की ओर पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में बढ़ रहा है।
यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को देते हुए बताया कि यह डिप्रेशन पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा और आज आधी रात के आसपास विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच कलिंगपट्टनम के पास आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटों को पार करेगा। आईएमडी ने शुक्रवार को ओडिशा के कई जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिम-मध्य और सटे हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इसके झोंके की गति 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक बढ़ सकती है।
दक्षिण ओडिशा के तटों पर 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जबकि उत्तर ओडिशा के तटों पर 35-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। झोंके की गति 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। इस दौरान पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में समुद्री स्थिति बेहद खराब रहने की संभावना है। आईएमडी ने मछुआरों और समुद्री गतिविधियों में शामिल लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि इस दौरान समुद्र की स्थिति काफी खतरनाक हो सकती है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
