Home / Odisha / स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल की ‘ऐट होम’ पार्टी में विशिष्टजन एक मंच पर एकत्रित

स्वतंत्रता दिवस पर राज्यपाल की ‘ऐट होम’ पार्टी में विशिष्टजन एक मंच पर एकत्रित

  •  कला, साहित्य, राजनीति और मीडिया जगत की हस्तियों की रही मौजूदगी

भुवनेश्वर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राजभवन, भुवनेश्वर में राज्यपाल द्वारा आयोजित ‘ऐट होम’ पार्टी में ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्टजन एक मंच पर एकत्रित हुए। इस विशेष आयोजन में कला, साहित्य, राजनीति, मीडिया और सामाजिक कार्यों से जुड़े जानी-मानी हस्तियों ने भाग लिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी,  ओडिशा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति चक्रधारी शरण सिंह,  ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुश्री सुरमा पाढ़ी के अलावा,  कैबिनेट के सदस्य,  सांसद और विधायक,  स्वतंत्रता सेनानी,  पद्म पुरस्कार विजेता,  राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी,  खिलाड़ी,  साहित्य और धार्मिक संस्थान के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल रघुवर दास के सभागार में आगमन व राष्ट्रगान के साथ हुई। राज्यपाल ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और व्यक्तिगत रूप से प्रत्येक से मुलाकात की। यह आयोजन न केवल औपचारिकता का प्रतीक था, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को आपस में मिलने और विचारों का आदान-प्रदान करने का एक अनूठा अवसर भी प्रदान करता है।

विचारों का आदान-प्रदान और एकजुटता का संदेश

‘ऐट होम’ पार्टी के दौरान राज्य के विकास और प्रगति को लेकर विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों के बीच विचार-विमर्श का मौका मिलता है। कला, साहित्य समेत विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां राज्य के समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संजोने और उसे आगे बढ़ाने पर चर्चा करती हैं। इस आयोजन ने ओडिशा की विविधता और एकता को और मजबूत किया, जिससे राज्य के भविष्य के लिए एक सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ। अतिथियों के स्वागत के लिए हाई टी का आयोजन किया गया था।

राष्ट्रीय गान के साथ समापन

करीब दो घंटे तक चलने वाले इस गरिमापूर्ण आयोजन का समापन भी उसी आदर और सम्मान के साथ हुआ। राज्यपाल के प्रस्थान से पहले एक बार फिर से राष्ट्रीय गान बजाया गया, जिससे इस समारोह का अंत एक उच्च राष्ट्रप्रेम और एकता के भाव के साथ हुआ। इस ‘ऐट होम’ पार्टी ने राज्य के विशिष्टजन को एक मंच पर लाकर ओडिशा के भविष्य की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाने का संदेश दिया।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …