Home / Odisha / मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा अभियान 3.0’ का शुभारंभ किया

मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा अभियान 3.0’ का शुभारंभ किया

  • 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए किया प्रोत्साहित

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी में सोमवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने लोक सेवा भवन में ‘हर घर तिरंगा अभियान 3.0’ का शुभारंभ किया, जिसमें नागरिकों को 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यह अभियान 9 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलेगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा, राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी और कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन भी मौजूद थे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने हर घर तिरंगा पहल की शुरुआत की है। कल से यह अभियान कलेक्टर के नेतृत्व में हर जिले में चलेगा और हर स्कूल, कॉलेज और घर पर तिरंगा फहराया जाएगा।

प्रधानमंत्री ने किया था आह्वान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही पूरे देश को इस अभियान में भाग लेने का आह्वान किया था, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार करना है। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि जैसे-जैसे इस साल का स्वतंत्रता दिवस नजदीक आ रहा है, आइए फिर से हर घर तिरंगा  को एक यादगार जन आंदोलन बनाएं। मैंने अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदल दी है और मैं आप सभी से भी तिरंगे को मनाने में शामिल होने का अनुरोध करता हूं।

हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्षों को मनाने के लिए की गई थी। उस वर्ष इस अभियान के तहत 5 करोड़ से अधिक सेल्फी अपलोड की गई थीं।

मुख्यमंत्री तीन दिवसीय दिल्ली दौरे पर रवाना

मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी आज तीन दिवसीय दौरे पर दिल्ली के लिए रवाना हो गये। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम राष्ट्रीय राजधानी में भारत मंडपम में एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होना है।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री का राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साथ राज्य में राजमार्गों के निर्माण को लेकर चर्चा करने का भी कार्यक्रम है। इसके साथ ही, वे ओडिशा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। सूत्रों ने यह भी बताया कि अपने प्रवास के दौरान मांझी कुछ भाजपा केंद्रीय नेताओं से भी मुलाकात कर सकते हैं।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …