-
एक मजदूर की मौत, छह गंभीर
झारसुगुड़ा। ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में मंगलवार दोपहर एक निजी पेलेट प्लांट में जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के रिसाव के कारण एक मजदूर की मौत हो गई और छह अन्य की हालत गंभीर हो गई है। मृतक ठेका मजदूर की पहचान वरुण प्रधान के रूप में की बतायी गयी है। वह ब्रजराजनगर थाना अंतर्गत केछोबहाल गांव के निवासी था।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना झारसुगुडा जिले के बूढ़ीपदर स्थित ओडिशा मेटालिक्स प्राइवेट लिमिटेड की इकाई में हुई। बताया गया है कि गैस रिसाव से गंभीर रूप से प्रभावित छह अन्य मजदूरों को इलाज के लिए झारसुगुड़ा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
गैस रिसाव के सही कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारी इस घटना के बारे में विस्तृत जानकारी देने के लिए तुरंत उपलब्ध नहीं हो सके।
इकाई में तनावपूर्ण माहौल
घटना के बाद औद्योगिक इकाई में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मौके पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रशासन ने जांच का आदेश दिया
जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और गैस रिसाव के कारणों का पता लगाने के लिए एक टीम का गठन किया गया है। इसके अलावा, प्रभावित मजदूरों के परिवारों को सहायता प्रदान करने के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा उपायों की मांग
इस हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा उपायों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय निवासियों और मजदूर संघों ने इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त सुरक्षा उपायों की मांग की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
