Home / Odisha / मालकानगिरि में बारिश से पोटेरू नदी में बाढ़, कई पुलों पर चढ़ा पानी

मालकानगिरि में बारिश से पोटेरू नदी में बाढ़, कई पुलों पर चढ़ा पानी

  • पोटेरू पुल को लेकर एसआरसी ने जारी किया अलर्ट

  • मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह

भुवनेश्वर। मालकानगिरि जिले में बारिश के कारण हाल बेहाल हो गया है। पोटेरू नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण मालकानगिरि जिला पूरी तरह ठप हो गया है। जिले के कन्याश्रम पुल के ऊपर पानी चढ़ गया है और आस-पास के क्षेत्रों से सड़क संपर्क टूट गया है। भारी वर्षा के कारण आई बाढ़ के कारण जल स्तर चिंताजनक रूप से बढ़ गया है। इस कारण कंगुराकोंडा और पोटेरू जैसे प्रमुख पुल जलमग्न हो गए हैं।

मालकानगिरि जिले में भारी बारिश व बाढ़ से स्थिति बिगड़ने के कारण राज्य के विशेष राहत आयुक्त ने जिला प्रशासन से अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए निर्देश दिया है। यात्रियों से अत्यधिक सावधानी बरतने और पुल पार करने से बचने का आग्रह किया गया है। इसके साथ-साथ विशेष राहत आयुक्त ने जिला प्रशासन को संकट को कम करने के लिए त्वरित और निर्णायक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

साथ ही मछुआरों को भी समुद्र अंदर न जाने के लिए हिदायद दी गई है। विशेष राहत आयुक्त ने गंजाम, पुरी, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, भद्रक और बालेश्वर के जिला कलेक्टरों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि मछुआरे अगले 24 घंटों तक समुद्र में न जाएं।

पारादीप में मछुआरों को बचाया गया

उल्लेखनीय है कि खराब मौसम के कारण एसआरसी की चेतावनी के बावजूद कुछ मछुआरे कल समुद्र में चले गए थे। पारादीप के पास महानदी में फंसे सात मछुआरों को शनिवार सुबह बचा लिया गया है। बचाव अभियान में एसआरसी द्वारा भेजी गई दो मशीनीकृत नौकाओं का इस्तेमाल किया गया। ऑपरेशन के दौरान स्थानीय पुलिस और मत्स्य पालन एवं पशु संसाधन विकास विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।

मछुआरों को भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सरकार द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों और चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। संबंधित विभाग को चेतावनियों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …