-
कहा- दोगुनी गति से होगा ओडिशा का विकास
भुवनेश्वर। ओडिशा में चुनाव खत्म हो गए हैं और भाजपा ने अपने दम पर अकेले सरकार बना ली है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अथक मेहनत की। उन्हीं के प्रयासों से भाजपा पहली बार ओडिशा में अकेले अपनी सरकार बनाने में सफल रही। अब ओडिशा में “डबल इंजन” की सरकार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में ओडिशा जल्द ही देश का नंबर एक राज्य बनेगा। पूर्व प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने ये बातें कहीं।
पुरी में श्रीजगन्नाथजी के दर्शन करने के बाद आज सिंह भुवनेश्वर स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने श्री जगन्नाथ धाम, पुरी में पद्मविभूषण जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के दर्शन और आशीर्वाद भी लिया।
इस दौरान उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। उन्होंने कहा कि मोदी हमेशा ओडिशा के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। सिंह ने कहा जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का प्रयास जारी है। कार्यकर्ता और नेता पूरे जोश और समर्पण के साथ ओडिशा की जनता की सेवा के लिए काम कर रहे हैं। सिंह ने कार्यकर्ताओं को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ओडिशा के घर-घर तक पहुंचाने की सलाह दी।
ओडिशा में भाजपा को बहुमत देने के लिए राज्य की जनता के प्रति आभार जताते हुए प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रभारी तथा केंद्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने कहा कि अब राज्य में दोगुनी गति से विकास होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जायेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने हम पर भरोसा जताया है, इसके लिए भाजपा की तरफ से मैं आभार व्यक्त करता हूं।
भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बैठक करने के बाद सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने ओडिशा के लिए रिकार्ड तोड़ धन राशि उपलब्ध करायी है। रेलवे हो या टेलीकॉम सेक्टर, सभी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धनराशि दे रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे ला रही है। इसी का नतीजा है कि आज ओडिशा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रभाती परिडा उपमुख्यमंत्री बनी हैं। ऐसे ही युवाओं को भाजपा सरकार उद्यमी बना रही है। आज का युवा नौकरी के पीछे नहीं भाग रहा है, अपितु आज का युवा नौकरियां सृजित कर रहे हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
