-
स्थानीय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
-
परिवार के लोगों ने लगाया हत्या का आरोप
जाजपुर। जिले के धर्मशाला थाना अंतर्गत भगवानपुर पुल के पास बरुहान-बालिचंद्रपुर मार्ग पर शनिवार को एक युवक के रहस्यमयी परिस्थितियों में मृत पाए जाने के बाद तनाव व्याप्त हो गया। मृतक की पहचान पास के अरबाला गांव निवासी लिंगराज सामल के पुत्र पवित्र सामल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है। इस घनटा के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार पवित्र एक लड़की से प्रेम करता था। इस बीच आज सुबह उसका शव भगवानपुर गांव में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। बाद में धर्मशाला पुलिस थाने की टीम पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अपने कब्जे में ले लिया। शव के पास से एक बाइक, आधार कार्ड और पैसों से भरा पर्स भी मिला।
इस खबर के फैलते ही मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने भगवानपुर पुल के पास बरुहान-बलीचंद्रपुर मार्ग पर टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया, जिससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मृतक के पिता ने कहा कि आज सुबह मुझे पता चला कि मेरा बेटा मर चुका है। वह किसी लड़की के साथ रिलेशनशिप में था। मुझे संदेह है कि उसकी हत्या की गई है। शव के पास उसकी चप्पलें, मोबाइल और रूमाल मिले हैं। मैं अपने इकलौते बेटे के लिए न्याय चाहता हूं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
