Home / Odisha / ओडिशा में यूएई का वाणिज्यिक दूतावास स्थापित करने का अनुरोध

ओडिशा में यूएई का वाणिज्यिक दूतावास स्थापित करने का अनुरोध

  • मुख्यमंत्री मोहन माझी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ की बैठक

भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने केंद्र से राज्य में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) का वाणिज्य दूतावास स्थापित करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव तथा प्रभाती परिडा ने नई दिल्ली में शनिवार को विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बैठक के दौरान इस मामले को उठाया।

उन्होंने कहा कि ओडिशा के पेशेवर और कुशल श्रमिक हर साल नौकरी के सिलसिले में दुबई जाते हैं। इस देश में पहले से ही काफी संख्या में ओड़िया श्रमिक विभिन्न व्यवसायों में लगे हुए हैं। वाणिज्य दूतावास खुलने से यूएई और ओडिशा के बीच यात्रा में सुविधा होगी। इसके अलावा, इससे यूएई के साथ व्यापार को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने जयशंकर को यूएई में आठ ओड़िया श्रमिकों के शोषण और हिरासत के बारे में भी जानकारी दी और उन्हें ओडिशा वापस लाने के लिए उनके हस्तक्षेप की मांग की।

ओडिशा के नेताओं ने विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रमुख बौद्ध केंद्रों में गोल्फ कोर्स खोलने, राज्य में एक समुद्री व्यापार केंद्र और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र की स्थापना पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य में बौद्ध तीर्थस्थलों के विकास से जापान और अन्य देशों के पर्यटक आकर्षित होंगे।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक में मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्रियों ने उन जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने की मांग की, जहां यह सुविधा नहीं है। उन्होंने संबलपुर में एम्स की स्थापना और भुवनेश्वर में मौजूदा एम्स के विस्तार पर भी जोर दिया।

इससे पहले मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों ने राजघाट पर महात्मा गांधी और अटल समाधि स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की थी।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …