-
केवी सिंहदेव व प्रभाती परिडा ने उप-मुख्यमंत्री पद के लिए लिया शपथ
भुवनेश्वर। ओडिशा के राज्यपाल रघुवर दास ने आज बुधवार को भाजपा सरकार के पहले मुख्यमंत्री के रूप में मोहन चरण माझी को शपथ ग्रहण करायी। राजधानी स्थित जनता मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में केवी सिंहदेव और प्रभाती परिडा ने उप-मुख्यमंत्री के तौर पर तथा इनके अलावा आठ मंत्री और पांच राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने भी शपथ ग्रहण की।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी वैष्णव, जुएल ओराम, भूपेंद्र यादव, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री मानिक साह, असम के मुख्यमंत्री हेमन्त विश्वशर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सयनी, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री वीएल संतोष, महामंत्री सुनिल बंसल, पार्टी के प्रदेश प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर, सहप्रभारी लता उषेंडी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, भाजपा उपाध्याक्ष तथा केंद्रापड़ा सांसद बैजयंत पंडा की मौजूदगी रही।
जनता मैदान में जनसैलाब
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राजधानी स्थित जनता मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में जनसैलाब उमड़ पड़ा था। लाखों की संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी भाजपा के लिए खुशबू बिखेर रही थी। मंच पर अथितियों के आसीन होते ही जय श्रीराम के नारे गूंजायमान होने लगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर आते ही नारे गूंजने लगे।
मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया गया था। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों को तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के कारण दोपहर से ही आयोजन स्थल पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था।
नवीन पटनायक ने वादा पूरा किया
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी आज शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर अपना वादा पूरा किया। उन्होंने कहा था कि वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे और हुए भी। नवीन पटनायक भी सभी के साथ मंच पर आसीन थे। मंच पर आते ही भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, धर्मेंद्र प्रधान समेत सभी नेताओं ने उनसे हाथ मिलाया।
आज भी दिया गया था निमंत्रण
भाजपा सरकार के पहले नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री मोहन माझी आज शपथ ग्रहण से पहले राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मिलने नवीन निवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि आज मैं खुद नवीन पटनायक से मिलकर उन्हें पहली भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि नवीन पटनायक ने सुनिश्चित किया कि वह इस समारोह में शामिल होंगे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने अपनी टीम कुछ नेताओं के साथ मंगलवार को भी नवीन निवास जाकर नवीन पटनायक के साथ भेंटकर शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया था।
ओडिशा में यह एक ऐतिहासिक दिन
शपथ ग्रहण के बाद मोदी ने ट्विट कर कहा कि ओडिशा में यह एक ऐतिहासिक दिन है। ओडिशा के मेरे भाइयों और बहनों के आशीर्वाद से भाजपा ओडिशा राज्य में अपनी पहली सरकार बना रही है। मैंने भुवनेश्वर में शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। मोहन चरण माझी को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई और कनक वर्धन सिंहदेव तथा प्रभाती परिडा को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई। मंत्री पद की शपथ लेने वाले अन्य लोगों को भी बधाई। महाप्रभु जगन्नाथ के आशीर्वाद से मुझे विश्वास है कि यह टीम ओडिशा में रिकॉर्ड विकास करेगी और असंख्य लोगों के जीवन में सुधार लाएगी।
कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल 16 सदस्य
मुख्यमंत्री
मोहन चरण माझी
उप मुख्यमंत्री:
कनक वर्धन सिंहदेव
प्रभाती परिडा
कैबिनेट मंत्री
सुरेश पुजारी
रवि नारायण नायक
नित्यानंद गोंड
कृष्ण चन्द्र पात्र
पृथ्वीराज हरिचंदन
डा मुकेश महालिंग
विभुति भूषण जेना
डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार):
गणेश राम सिंह खुंटिया
सूर्यवंशी सूरज
प्रदीप बलसामंत
गोकुलानंद मल्लिक
संपद चंद्र स्वाईं
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
