-
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा पर भी साधा निशाना
-
कहा- ओडिशा के लोग हंस रहे हैं आप पर
भुवनेश्वर। ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा के दूसरे चरण के चुनाव से पहले बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्रियों और केंद्रीय मंत्रियों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे ओडिशा को भारत का नंबर एक राज्य बनाने का वादा करने के बजाय पहले अपने राज्यों की स्थिति पर ध्यान दें।
एक वीडियो संदेश में पटनायक ने कहा कि भाजपा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ओडिशा आकर इसे भारत का नंबर एक राज्य बनाने का वादा कर रहे हैं। मुझे लगता है कि उन्हें पहले अपने राज्य पर ध्यान देना चाहिए।
विशेष रूप से, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा, जो पिछले कुछ दिनों से ओडिशा के दौरे पर हैं और राज्य को नंबर एक बनाने का वादा कर रहे हैं, पर पटनायक ने कटाक्ष किया। पटनायक ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री, जो हाल ही में यहां थे, ने भी ओडिशा को नंबर एक बनाने का वादा किया। उनकी प्रति व्यक्ति राज्य घाटा ओडिशा का दोगुना है। उन्हें वास्तव में अपने राज्य की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। पटनायक ने आगे कहा कि ओडिशा के लोग उनकी बातों पर हंस रहे हैं।
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की इस टिप्पणी ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। भाजपा और बीजद के बीच यह जुबानी जंग चुनावी माहौल को और गरमा सकती है। देखना होगा कि इस पर भाजपा की ओर से इसे लेकर क्या और कैसे पलटवार किया जाता है और दोनों दलों के बीच आगामी चुनावों में किस प्रकार की बयानबाजी देखने को मिलती है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के असम, राजस्थान, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों के लगातार दौरे ओडिशा में हो रहे हैं। इसके साथ-साथ विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ केंद्रीय नेतृत्व और वरिष्ठ नेता भी ओडिशा का लगातार दौरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का तूफानी दौरा चल रहा है। केंद्रीय विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत अन्य नेता भी भाजपा के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
