-
राज्य में मृतकों की संख्या दो हुई
-
गर्मी से संबंधित बीमारी से 257 लोग अस्पताल में भर्ती
भुवनेश्वर। ओडिशा में अब तक लू लगने से कम से कम दो लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ढेंकानाल जिले से लू से एक मौत की सूचना मिली है। इससे पहले बालेश्वर जिले में सनस्ट्रोक से पहली मौत की सूचना मिली थी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में लू या गर्मी से संबंधित बीमारी के कारण कम से कम 257 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य संबंधी सबसे अधिक 60 मामले सुंदरगढ़ जिले से सामने आए हैं। इसके बाद मयूरभंज में 40 और खुर्दा जिले से 36 मामले सामने आए हैं। खुर्दा जिले से सामने आए कुल 36 मामलों में से 18 लोगों का भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल में इलाज चल रहा है। यहां उल्लेखनीय है कि ओडिशा में लगभग तीन सप्ताह से तीव्र गर्मी की लहर चल रही है। सोमवार को दोपहर 2:30 बजे तक केंदुझर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके बाद झारसुगुड़ा में 42.8 डिग्री और संबलपुर में 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। आज दोपहर 2:30 बजे तक भुवनेश्वर का अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री दर्ज किया गया।
आईएमडी ने आज बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है।
रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने कहा कि अगले 24 घंटे के लिए बालेश्वर, मयूरभंज, केंदुझर, ढेंकानाल, बौध, अनुगूल, खुर्दा, भद्रक और कटक, नयागढ़ जिलों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति प्रबल होने की संभावना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
