भुवनेश्वर। केन्द्रापड़ा जिले में बीजू जनता दल को एक बड़ा झटका लगा है। केन्द्रापड़ा जिला परिषद की अध्यक्ष गीतांजलि सेठी ने पार्टी छोड़ दी है। केवल इतना ही नहीं, पार्टी छोडने के कुछ घंटों के अंदर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गई हैं।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आज एक विशेष कार्यक्रम में वह पार्टी में शामिल हुईं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर,सह प्रभारी लता उषेंडी, पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती, पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा सांसद जुएल ओराम की उपस्थिति में वह और उनके समर्थक भाजपा में शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी को केन्द्रापड़ा जिले में मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर सेठी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों से प्रभावित होकर वह भाजपा में शामिल हो रही हैं।
उल्लेखनीय है कि आज सुबह श्रीमती सेठी ने बीजू जनता दल से त्यागपत्र दे दिया था। उन्होंने अपना त्यागपत्र नवीन पटनायक को भेज दिया था। इस पत्र में उन्होंने कहा था कि बीजद में वर्तमान की स्थिति में काम करना संभव नहीं हो पा रहा है। इस कारण वह बीजद से त्यागपत्र दे रही हैं।
उल्लेखनीय है केन्द्रापड़ा की विधानसभा सीट के लिए गीतांजलि दावेदार थीं, लेकिन बीजू जनता दल ने उन्हें टिकट नहीं दिया। कांग्रेस से आये पूर्व मंत्री गणेश्वर बेहरा को शामिल करने के बाद पार्टी ने उन्हें टिकट दे दिया। इससे गीतांजलि नाराज चल रही थी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
