शेख जाफर, भुवनेश्वर। भारतीय जनता पार्टी ने ओडिशा में अपने शेष बचे तीन लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। बीजद से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल होने वाले कटक से सांसद भर्तृहरि महताब को कटक से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है।
इसके साथ ही पार्टी ने कंधमाल सीट से सुकांत पाणिग्राही को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया है। इसके साथ साथ रवीन्द्र नारायण बेहेरा का जाजपुर सीट से प्रत्याशी घोषित किया गया है। उल्लेखीय है कि इससे पहले भाजपा ने 21 में से 18 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियो की घोषणा कर चुकी है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में बीजू जनता दल (बीजद) की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वाले छह बार के सांसद भर्तृहरि महताब गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। इसके अलावा, बीजद के पूर्व सांसद सिद्धांत महापात्र और प्रसिद्ध साहित्यकार दमयंती बेसरा भी दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भाजपा में शामिल हुए थे।
भर्तृहरि नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने 22 मार्च को ओडिशा में सत्तारूढ़ पार्टी छोड़ दी थी। उस समय अटकलें लगाई जा रही थीं कि महताब भाजपा में शामिल होंगे।
इसके बाद उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पंडा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल की मौजूदगी में खेमे में शामिल किया गया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
