Home / Odisha / भीषण गर्मी की चपेट में ओडिशा
heat ओडिशा में हीटवेव का कहर शुरू

भीषण गर्मी की चपेट में ओडिशा

  • राज्य में पारा 39 डिग्री सेल्सियस को किया पार

  •  39.1 डिग्री सेल्सियस के साथ झारसुगुड़ा रहा सबसे अधिक गरम

भुवनेश्वर। ओडिशा भीषण गर्मी की चपेट में है और शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे तक राज्य में पारा 39 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। आज दोपहर 2:30 बजे तक झारसुगुड़ा में सबसे अधिक तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ यह राज्य का सबसे अधिक गरम शहर रहा। झारसुगुड़ा के बाद चांदबली (38.4), राउरकेला (37.5), भुवनेश्वर (37.4), केंदुझर (37.4) तथा बालेश्वर (35) का स्थान रहा।

आईएमडी के भुवनेश्वर केंद्र ने एक विज्ञप्ति में कहा है कि राज्य के प्रमुख हिस्सों में प्रचलित शुष्क परिस्थितियों और उच्च सौर सूर्यातप के कारण तापमान में और वृद्धि हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान आंतरिक ओडिशा के कुछ हिस्सों में कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान (दिन का तापमान) 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है।

आईएमडी ने कहा कि अगले 4 से 5 दिनों के दौरान आंतरिक भागों के जिलों में कई स्थानों पर दिन का तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और ओडिशा के तटीय जिलों में 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

इसके साथ ही अगले 4-5 दिनों के दौरान ओडिशा के कुछ जिलों में गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञानिक उमाशंकर दास ने कहा कि अगले कुछ दिनों में पश्चिमी ओडिशा में कुछ स्थानों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। चूंकि अप्रैल के पहले सप्ताह में कोई सार्थक वर्षा नहीं होगी, इसलिए तापमान धीरे-धीरे बढ़ने की उम्मीद है और कुछ स्थानों पर 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि चूंकि तटीय ओडिशा में सापेक्ष आर्द्रता 50 से 70 प्रतिशत और ओडिशा के आंतरिक जिलों में 30 से 50 प्रतिशत के बीच रहेगी, इसलिए लोगों को सलाह दी जाती है कि वे दिन के समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच बाहर जाते समय एहतियाती उपाय करें।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …