-
भुवनेश्वर में पहुंची सेंट्रल आईबी की टीम, एसटीएफ ने लखनऊ पुलिस से जानकारी मांगी
-
लव जिहाद के मकसद को लेकर मिले हैं सबूत
भुवनेश्वर। ओडिशा के जाजपुर से गिरफ्तार कश्मीर का मोस्टवांटेड आतंकी तथा जालसाज सैयद ईशान बुखारी ने लव जिहाद के तहत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में निकाह किया है। बताया जाता है कि बुखारी ने खुद को एक आर्मी डॉक्टर, पीएमओ में एक अधिकारी और कुछ उच्च पदस्थ एनआईए अधिकारियों के करीबी सहयोगी के रूप में बताकर कम से कम छह से सात लड़कियों से शादी की थी। इसी क्रम में बुखारी ने लव जिहाद के तहत लखनऊ में एक लड़की से शादी की थी।
बुखारी से संबंधित मामले की गहराई से जांच करने के लिए ओडिशा अपराध शाखा के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) द्वारा व्यापक जांच चल रही है। बुखारी के संदिग्ध आतंकी संबंधों की जांच के दायरे में आने के बाद, इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की एक टीम मामले की जांच के लिए आज भुवनेश्वर पहुंची।
सूत्रों ने कहा कि आईबी की टीम बुखारी से पूछताछ कर सकती है, जिन्हें इस संबंध में आगे की जांच के लिए ओडिशा एसटीएफ आज पांच दिन की रिमांड पर लाया है। इसके अलावा, एसटीएफ को लव जिहाद साजिश के तहत देश के विभिन्न हिस्सों में कई लड़कियों से शादी करने के पीछे बुखारी के मकसद के बारे में कुछ सबूत मिले हैं।
सूत्रों ने बताया कि एसटीएफ ने कथित तौर पर इस संबंध में लखनऊ पुलिस से अधिक जानकारी मांगी है। पिछले हफ्ते एसटीएफ ने बुखारी को जाजपुर जिले से गिरफ्तार किया था।
आरोपी सैयद ईशान बुखारी ने कश्मीर, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा सहित भारत के विभिन्न हिस्सों की कम से कम 6-7 लड़कियों से शादी की है। वह विभिन्न वेबसाइटों और ऐप्स पर भी सक्रिय था और खुद को अंतरराष्ट्रीय डिग्रीधारी डॉक्टर बताकर कई लड़कियों के साथ रोमांटिक रिश्ते में था। इसके अलावा बुखारी पर कुछ संदिग्ध राष्ट्रविरोधी तत्वों से संबंध रखने का भी आरोप है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
