-
ओडिशा में 16 नवंबर से हो सकती है बारिश
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने वाला है। बताया जाता है कि 14-15 नवंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और निकटवर्ती दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
यह जानकारी आज यहां भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दी। मौसम विभाग के अनुसार, इस निम्न दवाब के क्षेत्र के प्रभाव में तटीय ओडिशा और आंतरिक ओडिशा के कुछ हिस्सों में 16 नवंबर के बाद वर्षा की गतिविधियां देखी जा सकती हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक मौसम काफी हद तक शुष्क रहेगा।
इस खबर को भी पढ़ेंः-31 दिसंबर को समाप्त होगा डीजीपी सुनील बंसल का कार्यकाल
भुवनेश्वर स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख एचआर बिस्वास ने कहा कि अगले पांच दिनों तक, 15 नवंबर तक ओडिशा के सभी जिलों में शुष्क मौसम रहने की संभावना है। उसके बाद 16 नवंबर के आसपास तटीय ओडिशा और आसपास के अंदरूनी हिस्सों में बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में ओडिशा में मौसम ज्यादातर शुष्क रहा। केंदुझर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस, जी उदयगिरि में 10.5 डिग्री सेल्सियस, फुलबाणी में 13 डिग्री सेल्सियस, दरिंगीबाड़ी में 13 डिग्री, कोरापुट में 11 डिग्री और सेमिलिगुडा में 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भुवनेश्वर शहर का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों में भुवनेश्वर में न्यूनतम तापमान या रात के तापमान में महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
