-
कांग्रेस और बीजद समर्थकों के बीच हाथापाई
भुवनेश्वर। कलाहांडी में कल मंगलवार को शिक्षक दिवस पर जूनागढ़ विधायक और बीजू जनता दल (बीजद) नेता कैप्टन दिव्य शंकर मिश्र को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काला झंडा दिखाया। इस दौरान कांग्रेस और बीजद समर्थकों के बीच हाथापाई होने की खबर है। हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बताया जाता है कि मिश्र मंगलवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनका विरोध किया गया।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस सदस्यों ने सनसनीखेज ममिता मेहेर हत्याकांड और उसके बाद मुख्य आरोपी गोविंदा साहू की आत्महत्या में उनकी कथित संलिप्तता के विरोध में कलाहांडी में नरला के पास उनके काफिले को रोक दिया। उन्होंने मांग की कि मिश्र को मंच पर नहीं आने दिया जाए। बताया गया है कि जब मिश्रा को काले झंडे दिखाए गए, तो उनके साथ दो अन्य विधायक भूपिंदर सिंह और प्रदीप दिशारी भी थे।
काले झंडे के विरोध के कारण मौके पर कांग्रेस और बीजद समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिसे बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद सुलझा लिया गया। इस मामले पर मिश्र या किसी अन्य बीजद नेता से कोई टिप्पणी नहीं मिल सकी थी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
