-
ससुराल के लोगों ने किया आत्महत्या का दावा
-
मायके वालों ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप
-
घटना से आक्रोशित स्वयं सेवी महिलाओं ने घर पर बोला हमला
-
तोड़फोड़ के दौरान हुई हाथापाई
बालेश्वर। जिले के भोगराई ब्लॉक के अंतर्गत जयनगर गांव में शनिवार को एक महिला की ससुराल के घर की छत से आधा जला हुआ शव बरामद किया गया। उसकी मौत पर रहस्य छाया हुआ है। इस घटना से इलाके में आक्रोश व्याप्त है तथा स्वयं सेवी संगठनों की गुस्साई महिलाओं ने घर में तोड़फोड़ की तथा पुलिस के सामने विरोध करते समय हाथापाई तक हो गई। मृतक महिला की पहचान हेमंत परिडा की बहू मिली परिडा के रूप में हुई है।
मिली के ससुराल वालों के अनुसार, उसने अपने घर की छत पर खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि ससुरालवालों ने दहेज के लिए उसकी हत्या की है। इस घटना की सूचना मिलने पर भोगराई पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इलाके में तनाव व्याप्त है। मिली की मौत के पीछे का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया था। शव की बरामदगी के बाद स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की कुछ महिला सदस्यों ने घर का दरवाजा तोड़ दिया और मृतक के ससुर और सास की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस का घेराव किया। उनमें से कुछ ने मृतक की सास के साथ भी मारपीट की। मौके पर पुलिस के साथ भी उनकी हाथापाई हुई।
बताया जाता है कि मिली ने सात साल पहले हेमंत के बेटे भागीरथी के साथ शादी के बंधन में बंधी थी। दंपति का छह साल का बेटा और दो साल की बेटी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
