Home / Odisha / अमित शाह के दौरे से ओडिशा में राजनीति गरमाई

अमित शाह के दौरे से ओडिशा में राजनीति गरमाई

  • कांग्रेस ने साधा निशाना

  • कहा- बीजद के समर्थन पर नवीन को धन्यवाद देने आए हैं शाह

  • 2024 में ओडिशा में आक्रामक होगी लड़ाई – सामल

  • ओडिशा में भाजपा बीजद का मुख्य विपक्षी दल- पिनाकी

भुवनेश्वर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के ओडिशा दौरे को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा है तथा कहा कि समर्थन के लिए वह मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को धन्यवाद देने आए हैं, जबकि भाजपा ने कहा कि 2024 में ओडिशा में लड़ाई आक्रामक होगी।

ओडिशा भाजपा प्रमुख मनमोहन सामल ने कहा कि अमित शाह कार्यकारी निकाय के सदस्यों और कोर समिति के सदस्यों की बैठक लेंगे। शाह के दौरे को लेकर पार्टी सदस्य काफी उत्साहित हैं। हम आक्रामक तरीके से चुनाव लड़ेंगे।

दूसरी ओर, कांग्रेस के तारा वाहिनीपति ने कहा कि अमित शाह दिल्ली सेवा विधेयक पर केंद्र को समर्थन देने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को धन्यवाद देने के लिए मणिपुर जाने के बजाय ओडिशा आए हैं।

हालांकि इससे पहले बीजू जनता दल (बीजद) के सांसद पिनाकी मिश्र ने संसद के निचले सदन में गुरुवार को पारित दिल्ली सेवा विधेयक पर चर्चा के दौरान कहा था कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओडिशा में उनकी प्रमुख विपक्ष है।

यहां उल्लेखनीय है कि बीजद ने विधेयक का समर्थन किया था, जिसका कांग्रेस और अन्य दलों ने जोरदार विरोध किया, जिससे ओडिशा की सत्तारूढ़ पार्टी को तीखी आलोचना का सामना करना पड़ा। इस पर मिश्र ने कहा कि बिल का समर्थन इसलिए नहीं किया जा रहा है क्योंकि बीजद भाजपा का समर्थन करती है। यहां तक कि भाजपा नेता भी इस बात की पुष्टि करेंगे कि हम ओडिशा में जमीन पर उनके साथ जोरदार लड़ाई लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा हमारा प्रमुख विपक्ष दल है, क्योंकि ओडिशा में कांग्रेस पार्टी का सफाया हो गया है और राज्य में उसका वोट शेयर महज 10 फीसदी है।

हम भाजपा और कांग्रेस से समान दूरी पर हैं। हमने इस विधेयक का समर्थन इसलिए किया क्योंकि हमने संविधान का अध्ययन किया है जो संसद को कानून बनाने की शक्ति देता है। हम अपने राज्य में भाजपा और कांग्रेस से लड़ना जारी रखेंगे।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …