-
तालचेर के देउलबेड़ा में आयोजित गरीब कल्याण रैली में भ्रष्टाचार को लेकर नवीन सरकार पर साधा निशाना
-
पूछा-गत छह माह में निचले कर्मचारियों सौ करोड़ से अधिक बरामदगी क्या पीसी रोकने का उदाहरण है

इण्डो एशियन टाइम्स, अनुगूल।
अनुगूल जिले के तालचेर के देउलबेड़ा में केन्द्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने आज भाजपा की ओर से चल रही गरीब कल्याण समारोह में राज्य में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर नवीन सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रधान ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का पीसी मस्ट स्टॉप का नारा महज दिखावा बन कर रह गया है। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार द्वारा किये गये कार्यों का ब्यारा देने के साथ-साथ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नवीन सरकार कठोर टिप्पणी की।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जनवरी 2023 से जून तक यानी छह माह में अतिरिक्त उपजिलाधिकारी, आपूर्ति अधिकारी, अभियंता, प्रखंड विकास अधिकारी जैसे निचले अधिकारियों से सौ करोड़ रुपये से अधिक की राशि जब्द की जा चुकी है। शुक्रवार को ही जनजातीय जिला नवरंगपुर के एक अधिकारी के यहां से तीन करोड़ रुपये की नकद राशि बरामद की गई है। प्रधान ने सवाल किया कि क्या मुख्यमंत्री द्वारा भ्रष्टचार रोकने के लिए दिए गए निर्देश पीसी मस्ट स्टॉप का क्या यही उदाहरण है।

उल्लेखनीय है कि अतीत में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने प्रशासनिक अधिकारियो के एक सम्मेलन में संबोधन के दौरान भ्रष्टाचार रोकने के लिए कहा था कि पीसी (भ्रष्टाचार में पर्सेंटेज) मस्ट स्टॉप।
प्रधान ने इस अवसर पर कहा कि राज्य में गरीब, जनजाति व पिछड़े लोगों के पैसे व हक को लूटा जा रहा है। राज्य में एक व्यक्ति मुख्यमंत्री के नाम से व ओडिशा के लोगों के पैसे से अपना प्रचार प्रसार कर रहे हैं। नवरंगपुर में जिस अधिकारी से तीन करोड़ रुपये की राशि मिली है, उनके यह व्यक्ति संरक्षक हैं।
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने स्पस्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार राज्य में चरम पर है और मुख्यमंत्री द्वारा दिया गया पीसी मस्ट स्टॉप का नारा महज दिखावा है।
Posted by: Desk, Indo Asian Times
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
