-
कहा- पूरे प्रशासन को कर दिया गया है आउटसोर्स
-
पूछा- ओडिशा में कौन चला रहा है सरकार

हेमन्त कुमार तिवारी, भवानीपाटणा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज शुक्रवार को यहां नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली बीजू जनता दल (बीजेडी) सरकार की जमकर आलोचना करते हुए निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे प्रशासन को आउटसोर्स कर दिया गया है, जिससे जनप्रतिनिधि कठपुलती बन गए हैं।
पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की रिपोर्ट पेश करने के लिए नड्डा ओडिशा में कलाहांडी जिला के भवानीपाटणा में आए थे। इस दौरान आयोजित कार्यक्र को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह सवाल करते हुए बीजद पर निशाना साधा कि ओडिशा में सरकार कौन चला रहा है।
नड्डा ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि नेता कौन है, हम नहीं जानते। हमें नहीं पता कि कोई नेता या अधिकारी इस शो को चला रहा है या नहीं। यहां बीजद विधायकों और सांसदों की कोई नहीं सुनता और सिर्फ अधिकारी ही राज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवीन पटनायक ने सब कुछ अधिकारियों को सौंप दिया है। यहां पूरे प्रशासन को आउटसोर्स कर दिया गया है।
नड्डा ने साफ शब्दों में कहा कि हर कोई जानता है कि सरकार कौन चला रहा है और यह नेता या नवीन पटनायक नहीं हैं।
उन्होंने सवाल किया कि क्या हम ओडिशा में ऐसी सरकार चाहते हैं? ओडिशा के लोग वोट किसी को देते हैं तथा हुक्म कोई और चलाता है। यह सुनिश्चित करने का समय आ गया है कि हम केंद्र और यहां ओडिशा दोनों जगह सरकार बनाएं।
ओडिशा में भ्रष्टाचार चरम पर
भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि ओडिशा में अब भ्रष्टाचार चरम पर है। ओडिशा में प्रति व्यक्ति आय सबसे कम है। किसानों की आय कम है और राज्य में महिलाओं का शोषण भी अधिक है। नड्डा ने कहा कि यहां 50 प्रतिशत कमीशन का राज हावी है, जबकि शेष 50 प्रतिशत का उपयोग जमीन पर किया जाता है।
ऐसी सरकार सत्ता में रहने लायक नहीं
भाजपा प्रमुख ने कहा कि नवीन बाबू ने यहां प्रत्येक ब्लॉक में कोल्ड स्टोरेज और 35 प्रतिशत भूमि पर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की थी। क्या ऐसा किया गया था? ऐसी सरकार सत्ता में रहने लायक नहीं है। नाम बदलने या केंद्रीय योजनाओं का अपहरण करने से अब मदद नहीं मिलेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
