-
तीन बदमाशों ने मारी गोलियां, हालत गंभीर
-
पहले ही भी हो चुका है उनपर हमला
ढेंकानाल। जिले के कामाख्यानगर इलाके में कल बुधवार रात एक बीजद नेता पर जानलेवा हमला किया गया। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि उनको दो गोलियां लगी है। तीन अज्ञात बदमाशों ने कथित तौर पर उनको निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं थी। घायल नेता की पहचान कान्हू चरण साहू के रूप में हुई है। साहू के हाथ और जांघ में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत कामाख्यानगर अस्पताल ले जाया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें कटक के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार तीन बदमाशों ने बुधवार रात करीब पौने दस बजे साहू की कार को रोक लिया। इसके बाद उन्होंने वाहन की खिड़की का शीशा तोड़ दिया और साहू को दो राउंड गोलियां मार दीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वे फौरन मौके से फरार हो गए। हालांकि, साहू पर हमले के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया था।
सूचना मिलने के बाद कामाख्यानगर पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच शुरू की। मौके से गोलियों के खाली कारतूस और कांच के टुकड़े बरामद हुए हैं।
साहू की चाची कबिता ने कहा कि हम रसोई में थे, तभी किसी ने हमें बताया कि कान्हू को गोली मार दी गई है। हम घर से बाहर निकले और उसे बुरी तरह घायल देखा। उसे तुरंत पास के मेडिकल में भर्ती कराया गया।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले साहू पर बदमाशों ने हमला किया था और उनके आवास पर बम भी फेंके गए थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
