भुवनेश्वर। राजस्व मंत्री श्रीमती प्रमिला मल्लिक को दो विभागों की अतिरिक्त जिम्मेदारी प्रदान की गई है। उन्हें विद्यालय व जनशिक्षा विभाग व श्रम विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार शाम को राज्य सरकार के दो मंत्रियों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। राज्य के विद्यालय व जन शिक्षा मंत्री समीर रंजन दास व श्रम मंत्री श्रीकांत साहू ने त्यागपत्र दिया था। दोनों ने पार्टी के संगठन में कार्य करने के लिए त्यागपत्र देने की बात कही थी।
दोनों मंत्री कुछ दिनों से विवादों में थे। श्रम मंत्री श्रीकांत साहू पर एक बीजद के महिला कार्यकर्ता ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। इसी तरह समीर रंजन दास का नाम बीजद के एक जिला परिषद सदस्य धर्मेन्द्र साहू की मौत के मामले में आया था। इन दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर विपक्षी पार्टियां लगातार सरकार पर दबाव बना रहे थे। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार की शाम को इन मंत्रियों के पहले अचानक राज्य विधानसभा के अध्यक्ष विक्रम केसरी आरुख ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। इसके कुछ ही समय बाद राज्य सरकार में विद्यालय व जनशिक्षा मंत्री समीर रंजन दाश व श्रम मंत्री श्रीकांत साहू ने भी अपने पद से त्यागपत्र दे दिया।
इस्तीफा देने वाले दोनों मंत्रियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार वे त्यागपत्र दे रहे हैं। वे आगामी दिनों में पार्टी संगठन में कार्य करेंगे।
राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि अपने मंत्रिमंडल को साफ सुथरा रखने के लिए व छवि अच्छी करने के लिए मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इन दोनों मंत्रियों को मंत्रिमंडल से त्यागपत्र दिलवाया है। विधानसभा अध्यक्ष विक्रम केसरी आरुख पर किसी भी प्रकार का आरोप न होते हुए भी उन्हें इस पद से हटाये जाने को लेकर उन्हें फिर से मंत्रिमंडल में स्थान दिये जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
