-
मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने जताया शोक, राहत राशि की घोषणा
केंद्रापड़ा। केंद्रापड़ा जिले के औल क्षेत्र में ब्राह्मणी नदी में आज सुबह एक नाव पलटने से एक नाबालिग की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति लापता हो गए। जानकारी के मुताबिक, करीब 30 लोगों और 10 बाइकों को लेकर एक देसी नाव एकमानिया से राजनगर के केराडागढ़ जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि अधिकांश यात्रियों को बचा लिया गया, लेकिन एक नाबालिग की डूबने से मौत हो गई और एक व्यक्ति का पता लगाया जाना बाकी था।
बताया जाता है कि एकमानिया पंचायत चारों ओर से नदी से घिरी हुई है और लोगों को परिवहन के लिए नावों पर निर्भर रहना पड़ता है। इसी दौरान आज सुबह करीब छह बजे पहली नाव पंचायत से रवाना हुई थी। सूत्रों ने बताया कि कुछ दूरी तय करने के बाद नाव नियंत्रण खो बैठी और पलट गई।
इधर, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गुरुवार को इस एक नाव हादसे में एक नाबालिग की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रापड़ा जिलाधिकारी को आज शाम तक उनके परिवार को राशि का भुगतान करने का निर्देश दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
