Home / Odisha / जम्मू कश्मीर में ओडिशा का जवान भी हुआ शहीद

जम्मू कश्मीर में ओडिशा का जवान भी हुआ शहीद

  • देवाशीष के बलिदान पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने जताया दुःख

भुवनेश्वर। जम्मू कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले में शहीद जवानों में ओडिशा का एक जवान भी शामिल है। उसकी पहचान पुरी जिले के सत्यवादी इलाके के अलगुम गांव निवासी लांस नायक देवाशीष बिस्वाल के रूप में बताई गई है। देवाशीष के शहीद होने की खबर आते ही उसके पैतृक गांव में मातम पसर गया है। देवाशीष सेना के उन पांच जवानों में से एक थे, जो कल कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकवादी हमले में शहीद हो गए थे।

देवाशीष के परिवार के सदस्यों के साथ-साथ अलगुम गांव के निवासियों को देश के लिए उनकी वीरता और बलिदान पर गर्व है।

मीडिया से बात करते हुए देवाशीष के दादा पंचानन बिस्वाल ने कहा कि हमने कभी नहीं सोचा था कि हमें यह दिन देखना पड़ेगा। हमने एक ऐसा वीर सपूत खोया है, जो न केवल परिवार, बल्कि देश के प्रति भी कर्तव्यपरायण था। हम उनकी असामयिक मृत्यु से स्तब्ध हैं, लेकिन राष्ट्र के लिए उनकी सेवाओं पर भी गर्व है।

इधर, राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने जवान देवाशीष बिस्वाल के बलिदान पर दुःख व्यक्त किया है।

नवीन पटनायक ने ट्वीट कर कहा कि जम्मू कश्मीर में आतंकवादी हमले में ओडिशा के वीर जवान देवाशीष बिस्वाल के वीर गति को प्राप्त होने के समाचार दुःखदायी है। देश की सुरक्षा में उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनकी अमर आत्मा की सदगति की कामना करने के साथ-साथ इस दुःखद घडी में उनके परिवार के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने ट्वीट कर कहा कि जम्मू कश्मीर में आतंकवादी हमले में ओडिशा के जवान देवाशीष बिस्वाल व अन्य जवानों के वीर गति को प्राप्त होने के समाचार सुनकर दुःखी व आहत हूं। वीर जवानों का बलिदान कदापि व्यर्थ नहीं जाएगा। अमर आत्मा की सदगति की कामना करने के साथ साथ उनके परिवार के लोगों के प्रति समवेदना व्यक्त करता हूं। महाप्रभु श्रीजगन्नाथ परिवार वर्ग को असीम धैर्य व साहस प्रदान करें।

Share this news

About desk

Check Also

IHM (74)

श्रीजन सम्मान समारोह में पत्रकारिता और समाजसेवा का सम्मान

7 को मीडिया उत्कृष्टता व 12 को ओडिशा गौरव सम्मान भुवनेश्वर में आयोजित भव्य समारोह …