भुवनेश्वर। अनुगूल और मयूरभंज जिले में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। अनुगूल जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-55 पर जारपड़ा थाना अंतर्गत संतरापुर के पास एक मोटरसाइकिल और पिकअप वैन की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, कुलेई गांव के तीन युवक मोटरसाइकिल से जारपड़ा की ओर जा रहे थे, तभी अनुगूल की ओर जा रही एक पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कुलेई गांव के सीपू प्रधान, सुनील साहू व मानस बेहरा की मौके पर ही मौत हो गई।
दूसरी सड़क दुर्घटना में मयूरभंज जिले के किरीकिचीपाला पंचायत के चंपाझार गांव में एक मोटरसाइकिल के पुल से गिर जाने से एक युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान शत्रुघ्न मोहंती के इकलौते पुत्र सुदीप कुमार मोहंती के रूप में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, सौदीप शादी के निमंत्रण पत्र बांटने के लिए मोटरसाइकिल से किरीकिचिपाला जा रहा था। हादसा उस समय हुआ जब सुदीप अपनी मोटरसाइकिल से नियंत्रण खो बैठा और वह पुल से नीचे गिर गयी। सुदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे ठाकुरमुंडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
