-
सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम, 40 प्लाटून फोर्स की होगी तैनाती
भुवनेश्वर। आगामी 10 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर आ रहीं हैं। उनके इस दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये जाएंगे तथा ब्लू बूक के आधार पर उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाएगी। राष्ट्रपति की सुरक्षा में कुल 40 प्लाटून पुलिस बल तैनात किये जाने के साथ-साथ दो सौ से अधिक पुलिस अधिकारी तैनात किए जाएंगे। गुरुवार को फाइनल कार्केड रिहलसल होगा।
उल्लेखनीय है कि दस फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन से निकल कर पालाम हवाई अड्डे से वायु सेना के विशेष विमान से आयेंगी तथा 11.45 बजे भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी।
इसके बाद राष्ट्रपति भुवनेश्वर के उत्कल मंडप जाकर ज्ञानप्रभा मिशन के स्थापना दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल होंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह राजभवन जाकर मध्याह्न भोजन करने के साथ-साथ विश्राम करेंगी। शाम को वह भुवनेश्वर के रमा देवी महिला विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रुप मे शामिल होंगी। इसके बाद वह राजभवन जाकर रात्रि भोजन व विश्राम करेंगी।
अगले दिन सुबह वह राजभवन से महाप्रभु लिंगराज मंदिर जाकर दर्शन करेंगी। इसके बाद वह वायु सेवा के हेलीकाप्टर से कटक के आईसीएआर नेशनल राइस रिसर्च इंस्टीट्यूट में दूसरे इंडियन राइस कांग्रेस का उद्घाटन करेंगी। इस कार्यक्रम के बाद वह भुवनेश्वर हवाई अड्डे पर आने के बाद यहां से दिल्ली लौट जाएंगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
