-
धर्मेद्र प्रधान ने प्रोत्साहित करने के लिए दिया धन्यवाद
भुवनेश्वर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात के दौरान बाजरे की खेती में शामिल ओडिशा के महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की सराहना की। मन की बात में राष्ट्र के नाम अपने संबोधन के दौरान मोदी ने कहा कि क्या मैं आपसे एक बात और पूछ सकता हूं? एंटरप्रेन्योर शब्द तो आपने सुना ही होगा, लेकिन क्या आपने मिलेटप्रेन्योर्स सुना है? ओडिशा के मिलेटप्रेन्योर इन दिनों सुर्खियों में हैं।
मोदी ने कहा कि आदिवासी जिले सुंदरगढ़ की लगभग 1500 महिलाओं का एक स्वयं सहायता समूह ओडिशा मिलेट्स मिशन से जुड़ा है। यहां महिलाएं बाजरा से लेकर कुकीज, रसगुल्ला, गुलाब जामुन और यहां तक कि केक तक सब कुछ बना रही हैं।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि बाजार में इनकी भारी मांग के कारण महिलाओं की आय भी बढ़ रही है।
इससे पहले सितंबर 2022 में नीति आयोग ने एकीकृत बाल विकास योजना (आईसीडीएस) के माध्यम से पूर्व-विद्यालय के बच्चों के लिए पूरक पोषण कार्यक्रम में ओडिशा मिलेट मिशन (ओएमएम) के सफल कार्यान्वयन और रागी लड्डू को शामिल करने के लिए सुंदरगढ़ जिला प्रशासन की प्रशंसा की थी।
एक ट्वीट में अपने विचार साझा करते हुए प्रमुख सचिव, कृषि और किसान अधिकारिता विभाग, डॉ अरविंद कुमार पाढ़ी ने कहा कि मिलेट्स ओडिशा के प्रयासों को पहचानने के लिए प्रधानमंत्री का आभारी हूं। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के मार्गदर्शन और मिशन शक्ति तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के नेतृत्व में हम जमीनी स्तर पर बाजरा उद्यमिता और खाद्य संस्कृति परिवर्तन के लिए प्रतिबद्ध हैं। स्थानीय गैरसरकारी संगठनों के सहयोग से बाजरा को पुनर्जीवित करने के लिए ओडिशा मिलेट्स मिशन राज्य कृषि विभाग की एक प्रमुख पहल है। राज्य ने मंडिया या बाजरा को अत्यधिक पौष्टिक और पर्यावरण के अनुकूल खाद्य उत्पाद के रूप में बढ़ावा देने के लिए पिछले साल 10 नवंबर को मिल्ली के शुभंकर के रूप में बाजरा दिवस भी मनाया। ओडिशा मिलेट्स मिशन को कई क्षेत्रों से मान्यता मिली है। भारत सरकार ने सभी राज्यों से बाजरा, दलहन और तिलहन को बढ़ावा देने के लिए ओडिशा मिलेट्स मिशन मॉडल अपनाने को कहा है। इसे वैश्विक स्तर पर भी मान्यता मिली है।
इधर, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी मन की बात में ओडिशा मिलेट मिशन से जुड़ी सुंदरगढ़ की महिला उद्यमियों और समूहों का उल्लेख करने के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने कहा है कि महिला सशक्तिकरण और मिलेटस को बढ़ावा देने के ऐसे अभिनव प्रयासों को देश के समक्ष रखने से ऐसे मिलेटप्रेन्योर्स का उत्साहवर्धन होगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
