-
सिंहनाथ मंदिर में दर्शन को उमड़ी थी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़

कटक। कटक जिले के आठगढ़ में गोपीनाथपुर-बाडंबा टी-ब्रिज पर आज भगदड़ मचने से दो लोगों की मौत हो गई और 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। खबर लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पायी थी। घटना के कारण मौके पर तनाव व्याप्त था। खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए दलबल के साथ रवाना हुए। इधर घायलों में कुछ की हालत गंभीर बतायी गयी है। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रुप से घायल तीन लोगों को कटक स्थित एससीबी मेडिकल कालेज व अस्पताल में स्थानांतरित किया जा रहा है।
बताया जाता है कि आज मकर संक्रांति के अवसर पर महानदी नदी के मध्य स्थित सिंहनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए लाखों की संख्या में लोग पहुंचे थे। नदी के इस किनारे से मंदिर को जोड़ने वाले पुल पर भारी भीड़ थी। यहां साल मकर संक्रांति पर मेले का आयोजन किया जाता है। कोरोना पाबंदियों में मिली राहत के कारण इस साल काफी भीड़ उमड़ पड़ी।
अचानक पुल पर भगदड़
सूत्रों ने बताया कि पुल पर अचानक भगदड़ शुरू हो गयी, जिसकी चपेट में आने दो लोगों की जान चली गयी। सूत्रों ने बताया कि कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जा रही थी।
लाखों लोगों की भीड़ के कारण हुआ हादसा
आठगढ़ के उपजिलाधिकारी हेमंत कुमार स्वाईं ने कहा कि उम्मीद से कहीं ज्यादा श्रद्धालु आ जाने के कारण इस तरह की स्थिति उत्पन्न हुई। प्रशासन द्वारा भीड को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदन उठाये जा रहे हैं। इस मेले में कटक, खुर्दा, अनुगूल ढेंकानाल नयागढ़ जैसे जिलों के लाखों श्रद्धालु पहुंचे थे। इस टी-ब्रिज का उद्घाटन कुछ माह पूर्व किया गया था।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
