
केंदुझर। जिले के सदर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत मैदानकेल पंचायत के बड़खंड जंगल में शनिवार को एक हाथी के हमले में 48 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान केंदुझर जिले के तुरुमुंगा थानांतर्गत कांतियापड़ा पंचायत के जमुनालिया गांव के रहने वाले ब्रजमोहन बेहरा के रूप में बतायी गयी है। जानकारी के मुताबिक कल शाम करीब 4 बजे कुछ लोग एक हाथी को देखने गए थे। यह हाथी अपने झुंड से भटक कर बड़खंड के जंगल में उत्पात मचा रहा था। इस दौरान
अचानक हाथी ने भीड़ की ओर धावा बोल दिया, जिससे भगदड़ में ब्रजमोहन गिर पड़े और हाथी ने उन्हें अपनी सूंड़ से उठा कर जमीन पर पटक दिया। इस बीच सूचना पाते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ब्रजमोहन को गंभीर हालत में बचाया तथा यहां जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में आक्रोश व्याप्त है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
