-
राज्य के 14 स्थानों पर तापमान 14 डिग्री से नीचे पहुंचा

भुवनेश्वर। ओडिशा में ठंड अपनी पकड़ कड़क करती जा रही है। कोरापुट जिले में पारा गिरकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया था। इससे सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जिले के सिमिलिगुड़ा में मंगलवार रात को तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था। यहां की रात राज्य में सबसे अधिक ठंडी वाली रात रही।
यह जानकारी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय केंद्र ने आज यहां दी। मौसम विभाग ने राज्य में चल रही शीतलहर की स्थिति के बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा कि पारा नौ स्थानों पर 14 डिग्री से नीचे गिर गया था।
कंधमाल जिले में जी. उदयगिरि रात के तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में दूसरे सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि जिला मुख्यालय फुलबाणी में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोरापुट में 10 डिग्री सेल्सियस, दरिंगबाड़ी में 10.5 डिग्री सेल्सियस, भवानीपाटणा में 12 डिग्री सेल्सियस, बौध में 12 डिग्री सेल्सियस, झारसुगुड़ा में 13.2 डिग्री सेल्सियस और केंदुझर में 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने ककहा कि न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि अगले 4 से 5 दिनों के दौरान ओडिशा में कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने की संभावना है।
इसके साथ ही अगले दो दिनों तक कलाहांडी, कंधमाल, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मालकानगिरि जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
