-
बीजद ने मंत्रियों को मैदान में उतारा, भाजपा भी तैयारी में जुटी

भुवनेश्वर। हाल ही में संपन्न धामनगर उपचुनाव के बाद पद्मपुर में उपचुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है। इस उपचुनाव को जीतने को लेकर भाजपा और बीजद ने रणनीति बनानी शुरू कर दी है। धामनगर में कड़े टक्कर के बीच भाजपा के साथ आमने-सामने की लड़ाई हारने के बाद सत्तारूढ़ बीजद ने ओडिशा के बरगढ़ जिले में पद्मपुर विधानसभा सीट को बरकरार रखने के लिए पूरे जोरों पर तैयारी शुरू कर दी है।
पद्मपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 5 दिसंबर को होगा और मतों की गिनती और नतीजों की घोषणा 8 दिसंबर को होगी। इसे लेकर बीजद ने उपचुनाव के लिए अपने कुछ प्रमुख नेताओं को प्रभार सौंपा है। जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद प्रसन्न आचार्य अभियान का नेतृत्व करेंगे और पूर्व मंत्री सुशांत सिंह निर्वाचन क्षेत्र के प्रबंधन के प्रभारी होंगे। इसी तरह बीजद के तीन मंत्रियों, निरंजन पुजारी, नवकिशोर दास और राजेंद्र ढोलकिया को क्रमशः पदमपुर, पाइकमल और झारबंध ब्लॉक का प्रभार सौंपा गया है। मंत्री रीता साहू और टुकुनी साहू, पूर्व मंत्री पुष्पेंद्र सिंह देव और स्नेहांगिनी छुरिया, विधायक सरोज मेहर और देवेश आचार्य सहित पश्चिमी ओडिशा के नेता विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख क्षेत्रों के प्रभारी होंगे। कई अन्य नेताओं को भी जल्द ही प्रभार सौंपा जाएगा।
इधर, प्रदेश भाजपा महासचिव पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा कि भाजपा पद्मपुर उपचुनाव के लिए धामनगर से बड़ी रणनीति तैयार कर रही है। रणनीति तैयार करने के लिए ओडिशा भाजपा प्रभारी सुनील बंसल और डी पुरंदेश्वरी का भी राज्य का दौरा करने का कार्यक्रम है।
भाजपा ने तीन वरिष्ठ नेताओं, सांसद सुरेश पुजारी, बसंत कुमार पंडा और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता जयनारायण मिश्र को शुरुआत में प्रभार दिया। हरिचंदन ने कहा कि सभी विधायकों सहित पश्चिमी ओडिशा के नेताओं को उपचुनाव के दौरान पद्मपुर में मौजूद रहने के लिए कहा गया है। विशेष रूप से पद्मपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव बीजद विधायक विजय रंजन सिंह बरिहा के निधन के बाद आवश्यक था।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
